Showing posts with label nilanjna sinha. Show all posts
Showing posts with label nilanjna sinha. Show all posts

Wednesday, September 6, 2017

हीरों की नगरी की नीलांजना अपनी खूबसूरती की चमक बिखेरेंगी

पन्ना जिले की बेटी ने सौन्दर्य प्रतियोगिता के फाइनल में बनाई जगह  
मिसेज इण्डिया अर्थ - 2017  

पन्ना । हीरों की नगरी पन्ना जिले की बेटी नीलांजना सिन्हा ‘मिसेज इण्डिया अर्थ- 2017‘ की फाइनलिस्ट में जगह बनाकर कामकाजी महिलाओं के लिए मिसाल बन गई है। नीलांजना  अपनी मनमोहक सुन्दरता और विवेक से इस प्रतिष्ठित सौन्दर्य प्रतियोगिता के निर्णायक राउण्ड में जगह बना पाई। 4 अक्टूबर 2017 को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में यह प्रतियोगिता आयोजित की जायेगी। जिसमें देश-विदेश में बसी भारतीय मूल की 48 सुन्दरियों का चयन फाइनल के लिए किया गया है। आत्मविश्वास से भरी नीलांजना प्रतियोगिता के फाइनल में भाग लेने के लिए खासी उत्साहित है। वे इन दिनों प्रतियोगिता के अन्तर्गत मिले पौधारोपण कार्य में बढ-चढ़कर हिस्सा ले रहीं है और लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक कर पौधारोपण के लिए प्रेरित कर रहीं है। मूलरूप से पन्ना मध्यप्रदेश में जन्मीं नीलांजना का विवाह उड़ीसा  (कटक) के प्रद्युम्न के साथ हुआ है। वर्तमान में वे अपने पति और बेटे किआन के साथ लंदन में रह रहीं है। पेशे से इंजीनियर नीलांजना के मन में शुरू से ही सामान्य जीवन से हटकर कुछ अलग करने की चाहत रही है। उनकी इस इच्छा को साकार रूप देने का श्रेय वे अपने पति को देती हैं। पति की प्रेरणा पाकर उन्होंने 4 माह पहले मिसेज इण्डिया अर्थ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने का निश्चय किया। परिवार और अपने देश से दूर, एक कामकाजी महिला होने के अलावा 18 माह के किआन की मां होने के कारण नीलांजना के लिए यह रास्ता थोड़ा कठिन है, लेकिन उनके हौसले कम नहीं है। वे अपने पति के सहयोग से बखूबी सारे काम निपटाकर, एक अच्छी और जिम्मेदार माँ की तरह बेटे के प्रति वात्सल्यपूर्ण जिम्मेदारी निभाती है और उसके सो जाने के बाद देर रात तक तथा सप्ताह के अंत में अवकाश के दौरान मिसेज इण्डिया अर्थ प्रतियोगिता से जुड़े कार्य व तैयारियां पूरी मेहनत व लगन से करती है। उन्हें मेहनत करने और अपने सपनों को जीने के लिए आगे बढ़ने का प्रोत्साहन परिवार व मित्रों से मिलता है। खुलकर अपनी बात रखने वाली नीलांजना का कहना है कि- “जिन्दगी बहुत छोटी है और वे इसके हर पल को पूरी तरह जीना चाहती है।“ वे मानती है कि एक कदम भी अपने सपने की तरफ बढ़ाना बहुत बड़ी सफलता है। नीलांजना ने मिसेज इण्डिया अर्थ में जगह बनाकर हीरों की नगरी पन्ना को गौरान्वित करने के साथ-साथ  मध्यप्रदेश का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि पर परिवार एवं मित्रों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुये कहा कि नीलांजना अपने सपनों की उड़ान पूरी करने में कामयाब यही उनके लिए हमारी कामना है।