Showing posts with label narendra modi. Show all posts
Showing posts with label narendra modi. Show all posts

Tuesday, September 12, 2017

अहमदाबाद में आबे के साथ मोदी का रोड शो आज

गांधीनगर । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे के साथ गुजरात के अहमदाबाद में 13 सितम्बर को एक रोड शो करेंगे। आबे उसी दिन भारत की यात्रा पर आ रहे हैं। भाजपा के मुताबिक आठ किलोमीटर लंबा रोड शो अहमदाबाद हवाई अड्डे से शुरू होगा और साबरमती आश्रम पर खत्म होगा। आबे बुधवार को दो दिवसीय दौरे पर भारत आ रहे हैं| वह और मोदी यहां 12वें भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन में शिरकत करेंगे। गुजरात भाजपा इकाई के अध्यक्ष जीतूभाई वाघानी ने सोमवार को संवाददाताओं से कहा देश में पहली बार हमारे प्रधनमंत्री दूसरे देश के प्रधानमंत्री के साथ संयुक्त रूप से रोड शो कर रहे हैं। जापान के प्रधानमंत्री 13 सितम्बर को सीधे यहां पहुंचेंगे।
अहमदाबाद नगर निगम की स्थायी समिति के अध्यक्ष प्रवीण पटेल ने बताया मार्ग में 28 विभिन्न स्थानों पर गायकों की मंडली के साथ बड़ी संख्या में लोग मोदी और आबे का अभिनंदन करेंगे। रोड शो के पूरे मार्ग में 28 छोटे स्टेज बनाए गए हैं, जहां 28 अलग-अलग राज्यों के नर्तक पारंपरिक वेश-भूषा में अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। साबरमती आश्रम में महात्मा गांधी 1917 से 1930 तक रहे थे।

Sunday, September 10, 2017

#MODIYOGIPAINTING मोदी-योगी की पेंटिंग बनाने पर पत्नी को पागल बता घर से निकाला


बलिया । शायद ही आपने इससे पहले कोई ऐसी खबर सुनी हो, जहां पर एक पत्नी को पेंटिंग बनाना इतना भारी पड़ा कि उसको घर से निकाल दिया गया। 24 साल की नगमा परवीन बोल नहीं पाती हैं, लेकिन सुप्रीम कोर्ट द्वारा ट्रिपल तलाक को असंवैधानिक करार दिए जाने के बाद उसे पीएम नरेंद्र मोदी और सीएम योगी आदित्यनाथ की पेंटिंग बनाई तो ससुरालवालों ने उसे पीटकर पागल करार देते हुए घर से बाहर कर दिया। चौंकाने वाली यह घटना जिले के सिकन्दरपुर थाना क्षेत्र के बसारिकपुर गांव की है। ससुराल में पिटाई के बाद बेघर कर दी गई नगमा जब मायके पहुंची तो पिता मोहम्मद शमशेर खान ने उसे अपने साथ थाने ले आए और पुलिस को सारी बात बताई। इस संबंध में पूछने पर थानाध्यक्ष सिकन्दरपुर धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि इससे पहले महिला ने 20 जुलाई को दहेज उत्पीड़न की शिकायत की थी। महिला अच्छी पेंटिंग बनाती है। पीएम मोदी और सीएम योगी की पेंटिंग बनाने के बाद से हुए घटनाक्रम की जानकारी हमें भी पता चली है।

#MODIMEETSMADINA ... जब नरेन्द्र मोदी से मिली अदनाम सामी की बेटी मदीना

मोदी ने अदनान सामी की बेटी 'मदीना' का किया स्वागत

नई दिल्ली । पाकिस्तानी मूल के गायक अदनान सामी ने अपनी पत्नी और बेटी के साथ शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की और मोदी ने मई में जन्मी उनकी बेटी ‘मदीना’ का स्वागत किया। अदनान ने उन्हें मदीना शहर से लाई मिठाई भी भेंट की। दोनों लगभग 40 मिनट तक मोदी के साथ रहे। इस दौरान प्रधानमंत्री ने बच्ची मदीना को पुचकारा और उसके साथ कुछ समय बिताया।
अदनान ने कहा हम अपनी पहली बेटी के साथ प्रधानमंत्री से मिले और यह मेरे और मेरी पत्नी के लिए बहुत ही भावुक क्षण था। भारतीय शास्त्रीय संगीत और पश्चिमी संगीत में प्रशिक्षित और पियानो के साथ जादू पैदा करने में माहिर अदनान अपने गैर फिल्मी गानों ‘कभी तो नजर मिलाओ’, ‘तेरा चेहरा’ से प्रसिद्ध हुए हैं। इसके अलावा उन्होंने कई प्रसिद्ध बॉलीवुड हिंदी गाने भी गाए हैं। सन 2016 में अदनान को भारतीय नागरिकता प्रदान की गई, जिसकी पाकिस्तानी मीडिया ने काफी आलोचना की थी। उनका मानना है कि लोगों से प्यार और नफरत गानों के आधार पर करनी चाहिए, न कि धर्म और राष्ट्रीयता के आधार पर।

Friday, September 8, 2017

LATEST : क्रिकेटर युवराज सिंह की फिर बेइज्जती, शीर्ष खिलाडिय़ों में नहीं मिला स्थान

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भले ही युवराज सिंह की ताररीफ कर रहे हो, लेकिन भारती क्रिकेट टीम के चयनकर्ताओं को युवी की यह तारीफ रास नहीं आ रही है। यहीं कारण है कि एक बार फिर चयनकर्ताओं ने युवराज की जबरदस्त बेइज्जती कर डाली है। राष्ट्रीय चयनकर्ताओं ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाले अभ्यास मैच के लिए 14 सदस्यीय बोर्ड अध्यक्ष एकादश टीम की घोषणा कर डाली है। लेकिन इस टीम में युवराज सिंह को जगह नहीं दी गई है। इसी से साफ होता है कि युवराज अब देश के शीर्ष 74 क्रिकेटरों में अपना स्थान सुनिश्चित करने में नाकाम रहे है।

यहां हैं फिलहाल देश के टॉप 60 क्रिकेटर
चयनकर्ताओं से जुड़ें सूत्रों की मानें तो शीर्ष 15 क्रिकेटर श्रीलंका दौरे पर गए थे और उनका ही ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज में बने रहना तय किया जा सकता है। करीब 45 क्रिकेटर वर्तमान में चल रही दिलीप ट्रॉफी में खेल रहे हैं। हाल ही श्रीलंका गए 15 और दिलीप ट्रॉफी खेल रहे 45 क्रिकेटर मिलकर देश के शीर्ष 60 क्रिकेटर होते हैं।

देश की पांचवीं टीम में भी जगह नहीं
भारत की पहली टीम श्रीलंका गई थी, हालांकि, उसमें कुछ शीर्ष खिलाडिय़ों को रेस्ट दिया गया था। इसके बाद बनाई गई तीन शीर्ष टीमें दिलीप ट्रॉफी में अपना प्रदर्शन कर रही है। युवराज को इनके बाद अगले 14 क्रिकेटरों यानी देश की पांचवीं टीम में भी कोई जगह नहीं दी गई है। बोर्ड अध्यक्ष एकादश की टीम के ये 14 क्रिकेटर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अभ्यास मैच खेलेंगे। इसका मतलब है कि युवराज की देश के शीर्ष 74 क्रिकेटरों में अब कोई जगह नहीं बनती है।

Thursday, September 7, 2017

मुझे केंद्र सरकार की नोटबंदी के कदम की कोई जानकारी नहीं थी: राजन

नई दिल्ली । भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के पूर्व गवर्नर रघुराम राजन ने कहा कि उन्हें केंद्र सरकार के नोटबंदी के कदम की कोई जानकारी नहीं थी और यही कारण है कि उन्हें तो खुद नोट बदलवाने के लिए अमरीका से भारत वापस आना पड़ा था। अपनी किताब के सिलसिले में हाल ही में यहां आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने यह बात कही। उन्होंने कहा कि वे कभी भी नोटबंदी के पक्ष में नहीं रहे क्योंकि उनका मानना था कि नोटबंदी की तात्कालिक लागत इसके दीर्घकालिक फायदों पर भारी पड़ेगी। गवर्नर पद पर राजन का तीन साल का कार्यकाल चार सितंबर 2016 को पूरा हो गया। सरकार ने आठ नवंबर 2016 को नोटबंदी की घोषणा की जिसके तहत 500 व 1000 रुपए के मौजूदा नोटों को चलन से बाहर कर दिया गया।

मोदी और अमित शाह ने जनता को 'पप्पू' बनाया: दिग्विजय

- कहा, जिस तरह मोदी जी और अमित शाह जी ने हमें बेवकूफ बनाया वह अभूतपूर्व है 

अहमदाबाद .कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने विकास के गुजरात मॉडल के नाम पर लोगों को 'पप्पू' बनाया और यह मॉडल पूरी तरह नाकाम रहा है। दिग्विजय ने गुजरात विधानसभा चुनावों से पहले कांग्रेस छोड़ने और पिछले महीने हुए राज्यसभा चुनावों में पार्टी के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल के खिलाफ वोट करने पर पूर्व मुख्यमंत्री शंकर सिंह वाघेला की भी आलोचना की। द्वारका रवाना होने से पहले तटीय पोरबंदर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मुखातिब दिग्विजय ने कहा ‎कि जिस तरह मोदी जी और अमित शाह जी ने हमें बेवकूफ बनाया वह अभूतपूर्व है।
विकास के गुजरात मॉडल पर सवाल उठाते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि सामाजिक विकास के संकेतकों पर गुजरात अन्य राज्यों से पिछड़ा हुआ है और वाइब्रेंट गुजरात समिट के दौरान जिन सहमति-पत्रों पर दस्तखत हुए, उन पर अमल नहीं हो सका। उन्होंने कहा ‎कि 'कहां है गुजरात मॉडल? सामाजिक विकास के संकेतकों पर राज्य का 13वां या 14वां स्थान है और वाइब्रेंट गुजरात में सहमति-पत्रों पर दस्तखत तो हुए लेकिन कारखानों की स्थापना नहीं हुई। गुजरात किसी भी स्तर पर नंबर एक राज्य नहीं है। वाघेला पर निशाना साधते हुए दिग्विजय ने कहा ‎कि कांग्रेस ने वाघेला को सब कुछ दिया। इसने आपको मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री बनाया। पार्टी ने आपको हरसंभव तरीके से मदद की, लेकिन आपने विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी छोड़ दी। आपने अहमद पटेल जैसे शख्स को धोखा दिया, जिन्होंने आपकी हमेशा मदद की।

जस्टिन के ट्विटर पर 100 मिलियन तो मोदी के ट्विटर पर 33,520,420 फॉलोवर

-सबसे पहला नाम कैटी पेरी का
लंदन । दुनिया भर में सबसे ज्यादा ट्विटर फॉलोवर की लिस्ट में कैटी पेरी का नाम है। अब दूसरे नंबर पर नाम जस्टिन बीबर का जुड गया है। जस्टिन ने हाल ही में 100 मिलियन फॉलोवर का आंकड़ा पर किया है। टॉप लिस्ट की अगर बात करें तो सबसे पहला नाम कैटी पेरीका जिनके ट्विटर पर 103 मिलियन फॉलोवर है। दूसरे स्थान पर जस्टिन बीबर ने जगह बनाई, जिनके 100 मिलियन फॉलोवर हुए है। तीसरे पायदान अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा आते है, जिनके ट्विटर पर 94,3 मिलियन फॉलोवर है।भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ट्विटर पर सबसे अधिक 33,520,420 फॉलोवर है। प्रधानमंत्री मोदी के बाद दूसरे पायदान पर अमिताभ बच्चन आते है, जिनके बाद शाहरुख़ खान, सलमान खान और आमिर खान आते है। 100 मिलियन फॉलोवर पूरे होने पर बीबर के फैन ने उन्हें अलग अलग अंदाज़ में 100 मिलियन फॉलोवर पूरी होने की बधाई दी। बीबर ने हाल ही में अपना इंस्टाग्राम अकाउंट डीएक्टिवेट किया है लेकिन ट्विटर पर वह अपने फैन्स के साथ लगातार जुड़े हुए है। 

इसी माह बुलेट ट्रेन की आधारशिला रखेंगे मोदी

आजादी के 75 वें वर्ष में मिलेगी बुलेट ट्रेन की सौगात

नई दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी बुलेट ट्रेन योजना का शिलान्यास इसी माह हो सकता है। भारत और जापान के प्रधानमंत्री मिलकर  सितंबर माह में बुलेट ट्रेन का शिलान्यास कर सकते हैं।
उल्लेखनीय है 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन है। 21 सितंबर को जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आवे का जन्मदिन है। सितंबर माह में शिलान्यास होने की संभावना जताई जा रही हैं। उल्लेखनीय है गुजरात में इसी  वर्ष विधान सभा चुनाव होना है।

समुद्र के नीचे दौड़ेगी बुलेट ट्रेन
केंद्र सरकार 15 अगस्त 2022 को बुलेट ट्रेन शुरू करने का संकल्प लेकर आगे बढ़ रही है। 2022 में स्वतंत्रता के 75 वर्ष पूर्ण होंगे। इस अवसर पर नरेंद्र मोदी बुलेट ट्रेन की सौगात भारत को देना चाहते हैं।

बुलेट ट्रेन का मार्ग समुद्र के नीचे से होकर भी गुजरेगा ठाणे और मुंबई के बीच 7 किलोमीटर बुलेट ट्रेन समुद्र के अंदर से चलेगी। वहीं 21 किलोमीटर लगभग भूमिगत मार्ग होगा। 508 किलोमीटर का यह सफर बुलेट ट्रेन पूरा करेगी। बुलेट ट्रेन की अधिकतम रफ्तार 350 किलोमीटर प्रति घंटे होगी। यह ट्रेन मुंबई से ठाणे, विरार, बोईसर, वापी, बिलिमोरा, सूरत, भरूच, वडोदरा, होते हुए अहमदाबाद पहुंचेगी। इस बुलेट ट्रेन के लगभग 12 स्टापेज होंगे। इस ट्रेन में 36000 यात्री प्रति सप्ताह यात्रा कर सकेंगे। मुंबई और अहमदाबाद की दूरी बुलेट ट्रेन से लगभग 2 घंटे 15 मिनट के अंदर पूरी होने की संभावना जताई जा रही हैं।