Friday, September 8, 2017

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की माँगों को पूरा करें सरकार : डॉ. अर्चना शर्मा

जयपुर। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी की उपाध्यक्ष एवं मीडिया चेयरपरसन डॉ. अर्चना शर्मा से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने मुलाकात कर उन्हें गत् दिनों से चल रहे आन्दोलन के संबंध में जानकारी दी। 
डॉ. शर्मा ने बयान जारी कर कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता गत् 8 दिनों से अपनी वाजिब माँगों को लेकर राजधानी में विरोध-प्रदर्शन कर रही है। उन्होंने कहा कि न्यूनतम मानदेय पर काम करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहयोगनियों व साथिनों की वाजिब परेशानियों को सरकार संज्ञान में नहीं ले रही है। उन्होंने कहा कि यह वर्ग ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य व शिक्षा को लेकर महत्वपूर्ण कार्य करता है परन्तु दुर्भाग्य है कि इनको सम्मानजनक मानदेय नहीं दिया जा रहा। उन्होंने कहा कि छोटे बच्चों के पोषण व शिक्षा की जिम्मेदारी इन पर है और गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य का भी ध्यान इनके द्वारा रखा जाता है। ग्रामीण क्षेत्रों में जहाँ चिकित्सा व्यवस्था सुचारू नहीं है वहाँ यह बहने घर-घर जाकर गर्भवती महिलाओं के पोषण व उनके स्वास्थ्य का ध्यान रखती है। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं पर समाज के अन्य बच्चों की देखभाल की जिम्मेदारी है जबकि इन्हें अपने परिवार के भरण-पोषण के लिए जो मानदेय मिलता है वह ऊँट के मुँह में जीरे के बराबर है। इसलिए सरकार को पूरी सहानुभूति के साथ इनके मानदेय को बढ़ाने पर विचार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि आंगनबाडिय़ों को अब पाठशाला में भी क्रमोन्नत कर दिया गया है इसलिए सरकार को कम से कम न्यूनतम मजदूरी अथवा दस हजार तक  का मानदेय देकर इन बहनों की आजीविका को सुनिश्चित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि समाज में स्वास्थ्य एवं शिक्षा सरकार की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है और यह आंगनबाड़ी की बहनें सरकार की इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी को पूरी कत्र्तव्यपरायणता के साथ निर्वहन कर रही है। उन्होंने माँग की है कि महिलाओं के दमन की नीति को छोड़ सरकार उनके हित में फैसला लेकर उनके द्वारा दी जा रही सेवाओं का उचित सम्मान करें। 

0 coment�rios:

Post a Comment