Tuesday, September 12, 2017

प्रकाश पादुकोण को लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड देगा बैडमिंटन संघ

कोच्ची । भारतीय बैडमिंटन संघ (बीएआई) ने देश के पहले ऑल इंग्लैंड बैडमिंटन खिताब विजेता प्रकाश पादुकोण को खेल में उनके अतुलनीय योगदान के लिए लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड देने की घोषणा की है। बीएआई ने इस साल पहली बार इस अवार्ड को देने का फैसला किया है और इसके लिए पादुकोण के नाम पर फैसला हुआ है।
पादुकोण भारत के एकमात्र पुरुष खिलाड़ी रहे हैं जिन्हें विश्व में नंबर-1 रैंकिंग हासिल हुई थी। उन्हें अवार्ड के साथ 10 लाख रुपये की राशि देकर सम्मानित किया है। इसकी घोषणा बीएआई के अध्यक्ष हिमांता बिस्वा सरमा ने मनोरमा बीडब्ल्यूएफ विश्व सीनियर चैम्पियनशिप के अवसर पर की है।
हिमांता ने कहा, "बीएआई ने पहली बार यह अवार्ड देने का फैसला किया है क्योंकि यह समय देश में बैडमिंटन का विकास करने वाले खिलाड़ियों को सामने लाने का समय है। पहली बार इस अवार्ड को देने के लिए प्रकाश पादुकोण के सिवाए किसी और का नाम नजर नहीं आता है। दिग्गज खिलाड़ी पादुकोण को सम्मानित करने के लिए दिल्ली में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।"हिमांता ने इसी के साथ सीनियर नेशनल चैम्पिनयशिप की ईनामी राशि को भी बढ़ाए जाने की घोषणा की है। इस साल से एक करोड़ रुपये की ईनामी राशि खिलाड़ियों को दी जाएगी। 

#breaking लालू परिवार की बेनामी संपत्तियों की कुर्की का आदेश

लालू परिवार की बेनामी संपत्तियों की कुर्की का आदेश.. pic from outlook
नई दिल्ली | आयकर विभाग ने राजद प्रमुख लालू प्रसाद और उनके परिवार के खिलाफ बेनामी सौदा जांच के सिलसिले में कुछ संपत्तियों पर अंतिम कुर्की आदेश जारी किया है। जांच से जुड़े अधिकारियों ने बताया इस मामले में कथित रुप से शामिल कंपनी ए बी एक्सपोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ यह आदेश जारी किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया प्रसाद के रिश्तेदार इस कंपनी की अचल संपत्तियों के लाभार्थी हैं। उन्होंने बताया कि दक्षिणी दिल्ली की न्यूफ्रेंड्स कॉलोनी में एक संपत्ति की मालिक यह कंपनी है। इस साल जून में बेनामी विनिमय (रोकथाम) अधिनियम, 2016 के तहत कुर्की का अंतरिम आदेश जारी किया गया था और अब उचित वैधानिक कार्यवाही के बाद इस आदेश की पुष्टि की गई है। उन्होंने बताया कि जिन अन्य संपत्तियों को जून में अंतरिम रुप से कुर्क किया गया था, उन मामलों में भी ऐसी ही कार्यवाही की जाएगी।
विभाग ने इससे पहले बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद, उनकी पत्नी एवं पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, बेटे एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव, बेटियां चंदा, रागिनी यादव और सांसद मीसा भारती, दामाद शैलेश कुमार को संपत्तियों की कुर्की का नोटिस जारी किया था। कर विभाग ने दिल्ली और बिहार में करीब एक दर्जन भूखंड एवं भवन कुर्क किए थे| जिनमें पालम विहार में फार्महाउस एवं जमीन, दक्षिण दिल्ली की न्यू फ्रेंडस कॉलोनी में एक भवन, पटना के फुलवारी शरीफ में 256.75 डेसीमल क्षेत्रफल के नौ भूखंड आदि शामिल हैं। फुलवारीशरीफ में इस जमीन पर शॉपिंग मॉल बन रहा था। विभाग ने कहा है कि बेनामी संपत्तियों का बिक्रीनामा मूल्य करीब 9.32 करोड़ रुपए है, जबकि कर अधिकारियों ने उनका बाजार मूल्य 170-180 करोड़ रुपये आंका है। प्रसाद परिवार ने कहा है कि ये मामले उनके खिलाफ राजनीतिक बदले की भावना का नतीजा है। इस कानून में बेनामी संपत्तियां अंतिम अभियोजन के उपरांत बिना किसी मुआवजे के सरकार द्वारा जब्त कर लेने का प्रावधान है।

Report from emsindia

अपनी सीट देने से मना करने पर मेट्रो में युवक की गोद में बैठ गई म‎हिला

नानजिंग । चीन के नानजिंग शहर में मेट्रो ट्रेन में एक ऐसा वाकया हुआ जो आपको सोचने पर मजबूर कर देगा। बताया जा रहा है ‎कि चीन के मेट्रो में एक युवक ने अपनी सीट एक महिला को देने से मना कर दिया। नौजवान के मना करने के बाद वह महिला उस आदमी की गोदी में जाकर बैठ गई, महिला की इस हरकत से वह नौजवान काफी अचरज महसूस करने लगा, लेकिन महिला काफी आराम से उसकी गोदी में बैठी रही। इस विचित्र घटना का वीडियो चीनी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म वीबो पर वायरल हो रहा है। गौरतलब है ‎कि महिला ने सीट के लिए उस नौजवान से खूब बहस की थी, लेकिन वो सीट वरिष्ठ नागरिकों के लिए आरक्षित थी।

रेलवे ने सब्सिडी छोड़ो अभियान की शुरुआत की

रायपुर । रेलवे ने अधिक राजस्व प्राप्त करने के लिए सक्षम बुजुर्गो को सब्सिडी छुड़ान की कोशिश तो शुरु कर दी, लेकिन बुजुर्ग इससे इक्तेफाक नहीं रखते। महीने भर पहले रेलवे ने बुजुर्गों को यात्रा के दौरान सीनियर सिटीजन के तौर पर मिलने वाली सब्सिडी को छोड़ने का विकल्प उपलब्ध कराया, लेकिन रायपुर डिवीजन में एक भी बुजुर्ग ने सब्सिडी नहीं छोड़ी। जबकि इसके लिए स्टेशन के कई स्थानों में पोस्टर और पॉम्पलेट भी लगाये गये। इसके बावजूद कोई असर नहीं हुआ। अब दोबारा रेलवे ने सब्सिडी छोड़ी अभियान की शुरुआत कर दी है। इसके तहत १०० फीसदी नहीं तो पचास फीसदी सब्सिडी ही छोड़ने के लिए बुजुर्गों को प्रेरित किया जायेगा।
रायपुर रेल डिवीजन द्वारा जानकारी दी गई कि ६० वर्ष से अधिक के पुरुष और ५८ वर्ष की महिला यात्री के लिए टिकट में छूट दी जाती है। पुरुषों के लिए यह रियायत ४० फीसदी और महिलाओं के लिए ५० फीसदी होता है। बीते एक माह से रेलवे द्वारा रिजर्वेशन फार्म में इस छूट को छोड़ने के लिए विकल्प उपलब्ध कराया जा रहा है। फॉर्म में एक विशिष्ट कॉलम तैयार कर दो विकल्प दिये गये हैं। पहले विकल्प में यात्री पचास फीसदी छूट का परित्याग कर सकते हैं।

#GOODNEWS दिल के मरीजों को अस्पताल का पता बताएगा मोबाइल एप

नई दिल्ली । दिल के मरीजों के लिए अच्छी खबर है। कार्डियोलॉजी सोसायटी ऑफ इंडिया  ने हृदय रोगियों के लिए एक खास मोबाइल एप लॉन्च किया है। इस मोबाइल एप का नाम 'हार्ट अटैक' रखा गया है। यह एप जरूरतमंद मरीजों को न केवल पास के अस्पताल की जानकारी देगा बल्कि उसे जल्द चिकित्सा उपलब्ध कराने में भी मददगार साबित होगा।
इस एप से दिल्ली के 200 ऐसे अस्पताल जोड़े जा रहे हैं जहां दिल की बीमारियों का इलाज होता है। इनमें सरकारी और निजी दोनों ही अस्पताल शामिल हैं। कई बार ऐसा देखा गया है कि हार्ट अटैक जैसी स्थिति में मरीज के परिजनों को समझ में नहीं आता की वे मरीज को कहां लेकर जाएं। हार्ट अटैक होने पर मरीज यदि आधे घंटे में अस्पताल पहुंच जाए तो, उसके ठीक होने की संभावना सौ फीसदी तक होती है। यदि मरीज का इलाज एक घंटे में शुरू किया जाए, तो उसके ठीक होने की दर 70 से 80 फीसद तक रहती है। ज्यादा विलंब होने की स्थिति में हृदय की मांसपेशियां खराब होती जाती हैं। एप की सहायता से अटैक की स्थिति में मरीज और उसके परिजनों को भटकना नहीं पड़ेगा। एप उन्हें तुरंत ही नजदीकी अस्पताल और डाक्टर का पता बता देगा। एप को गूगल मैप से भी जोड़ा जा रहा है, लिहाजा इसका लाभ और भी ज्यादा लोग ले सकेंगे।

#wifiIndia 30 करोड़ लोगों को मिलेगा वाई-फॉई

नई दिल्ली । भारत में पिछले कई सालों से टेलिकॉम सेक्टर में क्रांति हो रही है। शहर से लेकर गांव तक लोगों के हाथों में मोबाइल के जरिए इंटरनेट पहुंच चुका है। लिहाजा इस क्षेत्र में बुनियादी सुधार के लिए नए पॉलिसी और कानून की जरूरत है। इसके मद्देनजर सरकार देश में नई टेलिकॉम पॉलिसी लाने की कवायद में जुटी है। सरकार के देश के 130 करोड़ लोगों तक किफायती दरों पर इंटरनेट पहुंचाने का लक्ष्य रखा है।
यह बात टेलिकॉम मंत्री मनोज सिन्हा का कहना है कि नई टेलिकॉम पॉलिसी में देश के 1.3 अरब लोगों को किफायती दरों पर इंटरनेट ऐक्सेस देने और इक्विपमेंट-डिवाइस को देश में बनाने पर जोर होगा। उन्होंने कहा कि सबके लिए इंटरनेट हमारा बुनियादी सिद्धांत है। नई टेलिकॉम पॉलिसी में इसके साथ डमेस्टिक मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा देने की भी कोशिश की जाएगी। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी की एनडीए सरकार ने महत्वाकांक्षी डिजिटल इंडिया अंब्रेला प्रोग्राम शुरू किया है। इसके लिए 1.13 लाख करोड़ का शुरुआती बजट रखा गया है। इसमें सभी नागरिकों तक टेलिकॉम सेवाओं की पहुंच और डेटा कनेक्टिविटी बढ़ाने पर ध्यान दिया जा रहा है। इसके साथ हाई स्पीड इंटरनेट हाइवेज बनाने और इलेक्ट्रॉनिक तरीके से नागरिक केंद्रित सेवाएं देने की भी बात है।

अहमदाबाद में आबे के साथ मोदी का रोड शो आज

गांधीनगर । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे के साथ गुजरात के अहमदाबाद में 13 सितम्बर को एक रोड शो करेंगे। आबे उसी दिन भारत की यात्रा पर आ रहे हैं। भाजपा के मुताबिक आठ किलोमीटर लंबा रोड शो अहमदाबाद हवाई अड्डे से शुरू होगा और साबरमती आश्रम पर खत्म होगा। आबे बुधवार को दो दिवसीय दौरे पर भारत आ रहे हैं| वह और मोदी यहां 12वें भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन में शिरकत करेंगे। गुजरात भाजपा इकाई के अध्यक्ष जीतूभाई वाघानी ने सोमवार को संवाददाताओं से कहा देश में पहली बार हमारे प्रधनमंत्री दूसरे देश के प्रधानमंत्री के साथ संयुक्त रूप से रोड शो कर रहे हैं। जापान के प्रधानमंत्री 13 सितम्बर को सीधे यहां पहुंचेंगे।
अहमदाबाद नगर निगम की स्थायी समिति के अध्यक्ष प्रवीण पटेल ने बताया मार्ग में 28 विभिन्न स्थानों पर गायकों की मंडली के साथ बड़ी संख्या में लोग मोदी और आबे का अभिनंदन करेंगे। रोड शो के पूरे मार्ग में 28 छोटे स्टेज बनाए गए हैं, जहां 28 अलग-अलग राज्यों के नर्तक पारंपरिक वेश-भूषा में अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। साबरमती आश्रम में महात्मा गांधी 1917 से 1930 तक रहे थे।